व्यापारियों के सहयोग से करेंगे शहर का विकास
मेरठ। बांबे बाजार स्थित वेस्टर्न यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा मंगलवार को जिलाधिकारी अनिल ढींगरा का स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें व्यापारियों ने जहां शहर की समस्याओं को उठाया, वहीं जिलाधिकारी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि सभी समस्याएं दूर होंगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सहयोग से शहर का विकास किया जाएगा।
चैंबर के गुर्जर मल मोदी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में चैंबर के अध्यक्ष एएन सेठ व अन्य पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी का सम्मान किया। इस दौरान व्यापारियों ने मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस वे निर्माण की गति पर डीएम से सवाल किया। व्यापारियों ने कहा कि दिल्ली की कनेक्टिविटी जाम के कारण बहुत दुश्वार हो चली है। इस पर डीएम ने कहा कि काम तेजी से चल रहा है। मेरठ की जो बाधाएं थी, वह लगभग दूर होती जा रही हैं।
एक व्यापारी ने जिलाधिकारी से कहा कि बागपत चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस दूसरे जनपदों और प्रदेशाें की गाड़ियों को चिन्ह्ति कर रोकती है, जो बहुत गलत है। डीएम ने व्यापारियों से सभी मामलों पर संबंधित विभागीय अधिकारियाें से वार्ता कर शीघ्र निस्तारण की बात कही। उन्होंने जाम, अतिक्रमण, सफाई आदि पर व्यापारियों से कहा कि वे स्वयं भी अपने स्तर से जागरूकता पैदा करें। बैठक की अध्यक्षता चैंबर के अध्यक्ष एएन सेठ और संचालन सचिव सरदार बलबीर सिंह ने किया। एलके सिंघल, नील कमल पुरी, डॉ. ब्रजभूषण, राजनीश कौशल आदि ने भी विचार रखे।
खास बातें:
वेस्टर्न यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने किया डीएम का स्वागत
व्यापारियों ने उठाईं समस्याएं, डीएम ने दिया दूर करने का आश्वासन