मेरठ। आवास एवं विकास परिषद की जागृति विहार में भूखंड आवंटन योजना को लखनऊ मुख्यालय ने दो माह तक हरी झंडी देने से इंकार कर दिया है।
संपत्ति विभाग की ओर से करीब एक माह पूर्व 122 भूखंडों के रजिस्ट्रेशन खोलने का प्रस्ताव लखनऊ आवास एवं विकास मुख्यालय भेजा गया था। अधिकारियों को उम्मीद थी कि 26 जनवरी के आसपास भूखंड आवंटन को लखनऊ से हरी झंडी मिल जाएगी। जिससे जागृति विहार विस्तार योजना को भी रफ्तार मिल सकती है। लेकिन उप आवास आयुक्त डॉ. अनिल कुमार ने फिलहाल जागृति विहार में भूखंड आवंटन प्रक्रिया को दो महीने बाद हरी झंडी देने को कहा है।
लखनऊ से जारी पत्र में आवास विकास को निर्देश दिए गए हैं। जिसमें लिखा गया कि भूखंड आवंटन से पहले विस्तार योजना में दो महीनों में सभी आंतरिक विकास कार्य पूर्ण कर लेने चाहिए। जिसमें सड़कों, सीवर लाइन, पानी की पाइप लाइन और बिजली व्यवस्था पर कार्य करने को कहा गया है। आवास आयुक्त ने दो महीने में सभी विकास कार्य पूर्ण कर लखनऊ मुख्यालय में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। कुल मिलाकर फिलहाल आवास एवं विकास परिषद में भूखंड लेने को अभी ग्राहकों को दो महीने का इंतजार करना पड़ सकता है। संपत्ति अधिकारी नरेश बाबू ने बताया कि विकास कार्य निर्माण खंड के अधिकार में आते हैं। दो महीनों में सभी कार्य पूर्ण होंगे तो लखनऊ मुख्यालय के निर्देशानुसार रजिस्ट्रेशन खोले जाएंगे।
खास बातें:
- जागृति विहार में 122 भूखंडों को लेकर अधिकारियों ने लखनऊ भेजा था प्रस्ताव
- आवास आयुक्त ने पत्र भेजकर कहा, पहले विकास कार्य पूरे कराएं
- दो माह में आंतरिक विकास कार्य पूरे होने पर मिलेगी हरी झड़ी