पार्टी के विरोध में चुनाव लड़ने वाले होंगे निष्कासित
मवाना। भाजपा जिलाध्यक्ष शिव कुमार राणा ने कहा कि पार्टी के विरोध में चुनाव लड़ने वालों को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाएगा। रविवार को नगर में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि जैसे विधानसभा चुनाव में भाजपा ने भारी जीत हासिल की थी। ऐसी ही जीत नगर निकाय चुनाव में मिलने जा रही है।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि निर्दलीय चुनाव लड़ रहे अशोक चौधरी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। नगर पालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पार्टी ने रवि गोला को प्रत्याशी घोषित किया है। उनके खिलाफ चुनाव लड़ना गंभीर अनुशासनहीनता है। वहीं अशोक चौधरी ने जिलाध्यक्ष को भेजे पत्र में कहा है कि वे पार्टी के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से रवि कुमार गोला को छोड़कर किसी भी पार्टी कार्यकर्ता को चुनाव लड़ाने का अनुरोध किया था। 2007 में पिछड़ी जाति की सीट होने पर रवि गोला की पत्नी को सभी कार्यकर्ताओं ने मेहनत कर जीत दिलाई थी। पत्र में अशोक चौधरी ने कहा है कि वे भाजपा के विरोध में नहीं रवि गोला के विरोध में हैं।