मेरठ। कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने सोमवार को 650 लीटर तेजाब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा बिजेंद्र सिंह राणा के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर नंगलाताशी गांव में पुलिस ने दबिश देकर राजेश कुमार को गिरफ्तार किया है। राजेश मूल निवासी करनपुर पडरी थाना मंडालापुर जिला शाहजहांपुर का है। वह नंगलाताशी में कई साल से परिवार के साथ रहता है। उसके घर से 650 लीटर तेजाब मिला है। तेजाब को रखने का उसके पास कोई लाइसेंस नहीं था। पूछताछ में आरोपी राजेश ने बताया कि उसने यह तेजाब दौराला की एक फैक्टरी से खरीदा है। इसमें दोगुना पानी मिलाकर देहात इलाके में शौचालय की सफाई के लिए बेचता है। सीओ दौराला जितेंद्र सरगम का कहना कि पुलिस मामले की जांच करने में लगी है। फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। बिना लाइसेंस तेजाब घर में नहीं रखा जा सकता। यह घातक है या नहीं, इसकी रिपोर्ट फोरेंसिक टीम देगी।