बुरके की आड़ में पनप रहा आतंकवाद : संगीत सोम
मेरठ। भाजपा के फायर ब्रांड नेता एवं सरधना विधायक ठा. संगीत सोम एक बार फिर विवादित बयान के चलते सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने फेसबुक पर अपने बयान का वीडियो अपलोड किया है, जिसमें उन्होंने बुरके की आड़ में आतंकवाद के पनपने की बात कही है। साथ ही जावेद अख्तर के घूंघट पर दिए बयान पर भी निशाना साधा।
मुजफ्फरनगर दंगे के बाद सबसे ज्यादा चर्चा में आये संगीत सोम कभी आजम खां के ऊपर हमलावर बयानों तो कभी कैराना पलायन मामले में पदयात्रा को लेकर सुर्खियों में रहे। इसके बाद किठौर क्षेत्र के गांव सिसौली में उन्होंने ताजमहल को लेकर विवादित बयान दिया था। वहीं बिसाहड़ा कांड में भी संगीत सोम का जाना और बयान देना चर्चा में रहा था। शुक्रवार को उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर वीडियो अपलोड कर कहा कि बुरका आज पूरे देश में आतंक का पर्याय बन चुका है। श्रीलंका जैसे देश में बुरके की आड़ में कई सौ लोगों की हत्या कर दी गई। आतंकवाद जैसे बुरके की आड़ में पनप रहा है, लोकतंत्र पर बुरके की आड़ में हमला हो रहा है, फर्जी वोटिंग हो रही है। उन्होंने पिछले दिनों घूंघट को लेकर जावेद अख्तर के बयान पर उनका नाम लिये बगैर कहा कि एक फिल्मकार और लेखक ने घूंघट को बैन करने की बात कही है, लेकिन मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या कभी घूंघट में आतंकवाद हुआ है, या आपको हर चीज में सांप्रदायिकता नजर आती है। क्या आप यह भूल जाते हैं कि आप उन लोगों के साथ खड़े होते हैं, जो आतंकवादियों का साथ देते हैं। आप उनके लिए प्रचार करने जाते हैं। इससे आपकी मानसिकता और तुष्टीकरण की नीति साफ नजर आती है। मैं लोगों से कहना चाहता हूं कि देश में बुरका तुरंत बैन होना चाहिए। यह मेरे निजी विचार हैं, जिसे जनता के साथ शेयर किया है। बुरके की आड़ में जो हो रहा है, वह सभी की समझ में आने लगा है।