रैली स्थल के पास स्थित कॉलेज में तीन पालियों में होनी है परीक्षा
प्रशासनिक अफसरों ने परीक्षा कक्ष की खिड़कियों को बंद कराया
मोदीपुरम।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर भगवती कॉलेज में परीक्षा देने आने वाले छात्र छात्राओं की बैठक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। परीक्षा कक्ष तक आवाज न पहुंचे, इसके लिए खिड़कियों को थर्माकोल और प्लाईवुड लगाकर बंद किया गया है। छह कमरों को आगे की ओर शिफ्ट किया गया है।
रैली स्थल हाईवे पर भगवती कॉलेज के पीछे है। रैली को तय करते समय इस बात का ध्यान नहीं रखा गया कि कॉलेज में परीक्षा चल रही है। यह परीक्षा तीन पालियों में होनी है। परीक्षा के दौरान छात्र छात्राओं को तेज आवाज का सामना करना पड़ेगा। इसको लेकर एडीएम सिटी, एसपी सिटी अखिलेश नारायण, एसडीएम सरधना अमित भारतीय बुधवार दोपहर कॉलेज पहुंचे। उन्होंने कॉलेज निदेशक राजू रस्तोगी व प्रशासनिक प्रबंधक दीपक पिपलानी के साथ में परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया। निदेशक राजू रस्तोगी ने बताया कि रैली के दौरान हाईवे बंद रहेगा। इस बीच कॉलेज के आईकार्ड से ही एंट्री मिलेगी।
कॉलेज में भी तैनात रहेगी फोर्स
प्रधानमंत्री की सुरक्षा का लेकर भगवती कॉलेज में परीक्षा के दौरान भी फोर्स तैनात रहेगी। परीक्षा के दौरान मुख्य गेट और खाली कमरों में ताला लगाया जाएगा। स्कूल के स्टाफ और शिक्षकों का भी पूरा रिकार्ड एसपीजी और पुलिस अफसरों ने ले लिया है।