- टूटी सड़कों को किया जाएगा गड्ढा मुक्त
- अमर उजाला अभियान के बाद जागा नगर निगम प्रशासन
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। महानगर में अब टूटी सड़कों पर काम शुरू होने वाला है। शीघ्र ही सभी सड़कें गड्ढा मुक्त होगी। नगर निगम ने अपनी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए 60 करोड़ से अधिक खर्च करने का निर्णय लिया है। अवस्थापना और टीएफसी के 51 करोड़ रुपये से तो शहर की सड़कों को बनाया जाएगा। सभी सड़कों पर काम शुरू करने के लिए निगम प्रशासन ने ठेकेदारों को 24 घंटे का समय दिया है। मौसम साफ रहा तो सोमवार से शहर की विभिन्न सड़कों पर काम होता दिखाई देगा।
शहर की टूटी सड़कों को लेकर अमर उजाला ने अभियान चलाया हुआ है। इसका असर यह हुआ कि जहां पीडब्लूडी ने अपनी सड़कों को गड्ढा मुक्त करना शुरू कर दिया है। वहीं शनिवार को नगर निगम ने भी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और कुछ अधिक टूटी सड़कों को नए सिरे से बनाने का निर्णय लिया। शनिवार को नगर निगम के चीफ इंजीनियर जितेन्द्र कैन ने निगम के सभी इंजीनियर और ठेकेदारों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने अवस्थापना और टीएफसी के स्वीकृत टेंडरों के कार्यों को 24 घंटे के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही गड्ढा मुक्ति शुरू करने के निर्देश दिए। चीफ इंजीनियर ने कहा कि जो ठेकेदार कार्य शुरू करने में लापरवाही करेगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को निगम निर्माण विभाग में दिन भर फाइलें अपडेट की गईं। साथ ही सभी ठेकेदारों को नोटिस जारी कर दिए गए। इतना ही नहीं विकास कार्य शुरू कराने के लिए आज रविवार को भी नगर निगम निर्माण विभाग खोले जाने का निर्णय लिया।