- अंडर-19 कूच विहार ट्रॉफी के फाइनल में विदर्भ को हराया
- समीर चौधरी ने 119 रनों की पारी खेली, पूर्णांक ने झटके 7 विकेट
- यूपीसीए सचिव युद्धवीर सिंह ने 20 लाख रुपये देने की घोषणा की
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। नागपुर में आयोजित अंडर-19 कूच विहार ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में मेरठ के खिलाड़ियों ने कमाल का खेल दिखाया। मेरठ के सलाहपुर निवासी समीर चौधरी व पूर्णांक त्यागी ने यूपी को ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई। पूर्णांक ने पहली पारी में सात विकेट लेकर यूपी को विदर्भ के खिलाफ बढ़त दिलाई। वहीं, दूसरी पारी में समीर ने शानदार शतक जड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
अंडर-19 कूच विहार ट्रॉफी में मेरठ से शामिल खिलाड़ियों समीर रिजवी, प्रियम गर्ग, समीर चौधरी और पूर्णांक त्यागी पर सभी की नजरें थीं। समीर रिजवी व प्रियम गर्ग का सिरीज में प्रदर्शन ठीक रहा। लेकिन विदर्भ के खिलाफ फाइनल मुकाबले में समीर रिजवी व प्रियम गर्ग बल्लेबाजी में हाथ नहीं दिखा पाए। लेकिन मेरठ के दो खिलाड़ियों ने न सिर्फ यूपी की लाज बचाई, बल्कि जीत की बाउंड्री पर ले गए। पहली पारी में यूपी ने 283 का लक्ष्य विदर्भ को दिया और विपक्षी टीम को 251 रनों पर ढेर कर दिया।
इसमें मेरठ के तेज गेंदबाज पूर्णांक त्यागी ने सात विकेट झटके। पूर्णांक की शानदार गेंदबाजी से यूपी ने 32 रनों की बढ़त ली। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी यूपी की हालत बेहद नाजुक थी। 194 रनों पर यूपी के सात विकेट गिर चुके थे। लेकिन मेरठ के दायें हाथ के बल्लेबाज समीर चौधरी ने एक छोर से विकेट संभालकर रखा। जिसके कारण दूसरी पारी में यूपी 305 रन स्कोर बनाने में कामयाब रहा। समीर ने नाजुक स्थिति में यूपी के लिये 119 रनों की शानदार पारी खेली। फाइनल के मुकाबले के चौथे और अंतिम दिन विदर्भ को 15 ओवर ही खेलने को मिले। जिसमें 53 रनों पर 1 विकेट गंवाया। पहली पारी में बढ़त के आधार पर यूपी विजेता बनी। दोनों ही खिलाड़ी भारतीय अंडर-19 टीम के लिये चयनित हो चुके हैं।
यूपी टीम को 20 लाख रुपये देेने की घोषणा
यूपी टीम की बड़ी सफलता के बाद यूपीसीए सचिव युद्धवीर सिंह ने टीम को 20 लाख रुपये देने की घोषणा की है। युद्धवीर सिंह ने बताया कि देश की सभी टीमों में यूपी की टीम का अटैक शानदार रहा, जिसके लिए खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं। यही आशा है कि यूपी से अच्छी प्रतिभा निकलें और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करें।