मैं इंडिया का मालिक हूं, डीआईजी डिवीजन का है :रमेश चंद्र रत्न
मेरठ। रेलवे बोर्ड यात्री सेवा समिति के चेयरमैन रमेश चंद्र रत्न ने बृहस्पतिवार को सिटी स्टेशन का निरीक्षण किया। चेयरमैन के आने से पहले ही सिटी स्टेशन पर सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया। इसके बाद भी स्टेशन पर चेयरमैन को कई जगह गंदगी मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। सीसीटीवी न चलने पर जीआरपी और आरपीएफ से जवाब तलब किया।
निरीक्षण के दौरान जीआरपी सिटी स्टेशन प्रभारी के न दिखने पर उन्होंने जवाब तलब किया तो आरपीएफ इंस्पेक्टर ने कहा कि डीआईजी जीआरपी सुभाष चंद्र दुबे भी आए हुए हैं। इस पर चेयरमैन भड़क उठे। उन्होंने कह दिया कि मैं इंडिया का मालिक हूं और डीआईजी डिवीजन का है। इस दौरान उत्तर रेलवे के एडीआरएम प्रशासन विकास पुरवार, सिटी स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा, वाणिज्य निरीक्षक आरके प्रसाद आदि रहे।
दोपहर 12.30 बजे सिटी स्टेशन पहुंचे चेयरमैन ने सबसे पहले पुलिस बूथ पहुंचे। वहां पसरी गंदगी पर जवाब तलब किया। इसके बाद उन्होंने अनारक्षित टिकट काउंटर, पानी के प्लेटफॉर्म पर फैली गंदगी पर अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। अधिकारियों को स्टेशन पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए तीन-चार दिन का समय दिया।
भोजनालय में दिखा अंडा तो लगाया जुर्माना
सिटी स्टेशन पर स्थित भोजनालय में वेज खाने के स्थान पर ही अंडे को भी परोसा जा रहा था। इसको देखकर चेयरमैन नाराज हो गए। उन्होंने भोजनालय पर पांच हजार रुपये जुर्माना लगाने के आदेश दिए। वहीं, भोजनालय के बिल में हो रही गड़बड़ी पर भी चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर कुत्ते और बंदरों का भी डेरा रहा। इसके बाद भी जीआरपी और आरपीएफ इन बंदरों को भगाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।