सपा सम्मेलनों से साधेगी 2019 का चुनाव
मेरठ। 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में सपा जुट गई है। जहां पार्टी पदाधिकारियों को प्रत्येक विधानसभा में बूथ स्तर की कमेटी के गठन के निर्देश दिए हैं वहीं बूथ स्तर और विधानसभा वार सम्मेलन करने के निर्देश दिए गए हैं। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने पार्टी के सभी जिला, महानगर अध्यक्ष, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक एवं पूर्व प्रत्याशियों के साथ साथ पार्टी के जिला पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि आगामी 30 सितंबर तक बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर लिया जाए। इसकी रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेजी जाए। प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि जिस जनपद में सात विधानसभाएं हैं उनमें एक दिन में केवल एक ही विधानसभा में सम्मेलन किया जाए। अगर इससे अधिक हैं तो एक दिन में दो दो विधान सभा में सम्मेलन किया जाए। सम्मेलन में भी पदाधिकारी, कार्यकर्ता भाग लेंगे। जिनको लोकसभा चुनाव की तैयारी और पार्टी को मजबूत करने का गुर सिखाया जाएगा।