आईटीआई साकेत में बनेगा आरटीओ का डीटीआई
मेरठ। लंबे समय से चली आ रही मॉडर्न ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक और फिटनेस सेंटर यानि ड्राइविंग ट्रेेनिंग इंस्टीट्यूट (डीटीआई) का सपना पूरा होने जा रहा है। शासन की मंजूरी के बाद आईटीआई साकेत में डीटीआई बनाया जाएगा। इसके लिए स्वीकृत पांच करोड़ रुपये में से पौने दो करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। कार्यदायी संस्था जल्द ही निर्माण शुरू कर देगी।
केंद्रीय परिवहन मंत्रालय ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए वाहन चलाने में पूरी तरह प्रशिक्षित लोगों को ही डीएल देने और वाहनों की सेहत की पूरी जानकारी करने के लिए राज्यों के परिवहन विभागों को मॉडर्न ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक एंड फिटनेस सेंटर बनाने के निर्देश दिए थे। इस कड़ी में पूर्ववर्ती सपा सरकार ने मेरठ में भी सेंटर बनाए जाने को हरी झंडी दी थी। इसके लिए जिला प्रशासन ने आरटीओ की मांग पर मोदीपुरम के पल्हैडा में वाहन फिटनेस के लिए दो एकड़ व ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक के लिए दो एकड़ जमीन दिखाई थी, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ सका था। अब सरकार ने डीटीआई को साकेत स्थित आईटीआई में बनाने की मंजूरी दे दी है।
औपचारिकता निभा बन रहे डीएल और की जा रही फिटनेस
आरटीओ में ड्राइविंग ट्रैक नहीं होने के चलते लोगों को गाड़ी चलाए जाने की औपचारिकता कराके डीएल जारी किए जा रहे हैं। यही हाल वाहनों की फिटनेस का भी है। वाहनों की संख्या अधिक आने और एक ही आरआई के होने के चलते वाहनों को बिना रैम्प पर चढ़ाकर देखे ही फिटनेस सर्टिफिकेट जारी किए जा रहे हैं। इस लापरवाही के तहत नौसिखियों को भी डीएल मिल रहा है और खटारा वाहन भी फिटनेस सर्टिफिकेट लेने में कामयाब हो रहे हैं।
सेंटर बनने से भ्रष्टाचार पर लगेगी लगाम
ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पूरी तरह कंप्यूटरीकृत होगा। इसमें अभ्यर्थी को मशीनों के जरिये लिए जाने वाले टेस्ट के अलावा तकनीकी तौर पर पूरी तरह समृद्ध ट्रैक पर वाहन को चलाकर दिखाना होगा। इसमें वही अभ्यर्थी पास होगा जिसने लर्निंग लाइसेंस लेकर गाड़ी चलाना सीखी है। वहीं वाहन फिटनेस सेंटर में भी पूरी तरह स्वस्थ वाहन को ही प्रमाणपत्र जारी होगा।
साकेेत स्थित आईटीआई की ढाई एकड़ जमीन में डीटीआई बनाया जाना है। पांच में से पौने दो करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। शासन ने इसके लिए कार्यदायी संस्था भी तय कर दी है। मैं अभी लखनऊ में हूं। आते ही संस्था अधिकारियों से बात कर परियोजना को आगे बढ़वाया जाएगा। -डॉ. विजय कुमार, आरटीओ मेरठ
खास बातें:
शासन ने मंजूर किए ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के लिए पांच करोड़
पहली किश्त के रुप में पौने दो करोड़ रुपये जारी
ढाई एकड़ जमीन में बनना है ड्राइविंग ट्रैक