दागी इलाके में पीएसी को लेकर काटे कनेक्शन
मेरठ। पीवीवीएनएल ने अब बिजली चोरी और बकाया बिल के लिए बदनाम इलाकों मेें भी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग इस काम में पीएसी की मदद ले रहा है। दो दिन से चल रहे अभियान के तहत हुमायूं नगर और जाकिर कालोनी में बकाया वसूला गया। साथ ही बकाया नहीं देने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए।
शहर के लिसाड़ी गेट, लिसाड़ी रोड, काजीपुर, हापुड़ रोड, एल ब्लॉक और नौचंदी आदि बिजलीघर क्षेत्र में बकाया राजस्व और बिजली चोरी का बुरा हाल है। इन क्षेत्रों में विभाग द्वारा जब भी कार्रवाई की जाती है तो क्षेत्रवासी हंगामा कर मारपीट तक कर देते हैं। ऐसे में अब विभाग ने अभियान के लिए पुलिस के साथ ही पीएसी की भी मदद लेनी शुरू कर दी है। अधीक्षण अभियंता देहात क्षेत्र अनिल कुमार सिंह ने बताया कि काजीपुर बिजलीघर क्षेत्र के हुमायूंनगर और जाकिर कालोनी में शनिवार को चलाए गए अभियान में 398 बकायेदारों से 12 लाख रुपये की वसूली की गई। 19 लाख रुपये के बकायेदार 104 लोगों के कनेक्शन काटे गए। 24 उपभोक्ताओं के मीटर घर के बाहर लगाए गए। तीन प्रकरण गलत टैरिफ के मिले। रविवार को चलाए गए अभियान में 199 बकायेदारों से 9.42 लाख रुपये बकाया वसूला गया।18 लाख रुपये के बकायेदार 132 कनेक्शन काटे गए। 22 मीटर घर के अंदर से निकालकर बाहर लगाए गए। सिंह ने बताया कि काटे गए कनेक्शन अगर री-चेकिंग में चलते मिले तो उनके खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। अगले महीने बिजली चोरों के खिलाफ अभियान शुरू किया जाएगा।