कंकरखेड़ा/मेरठ।
हाईवे पर सोमवार देर रात हादसे में दो युवकों की मौत हो गई थी। मंगलवार को उनकी शिनाख्त हो गई। दोनों युवक औरैया के रहने वाले थे और चचेरे भाई थे। मंगलवार को युवकों के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
सोमवार रात हाईवे स्थित एलआईसी ग्राउंड के सामने सड़क पार करते हुए दो युवकों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया था। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी, लेकिन उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। मंगलवार को थाने पहुंचे युवकों के चाचा सुभाष ने पुलिस से मामले की जानकारी लेकर शवों की शिनाख्त की। पुलिस ने बताया कि दोनों युवक अखिलेश कुमार (23) पुत्र धनीराम व सुदीश कुमार (22) पुत्र छोटेलाल निवासी गांव जगतपुर जिला थाना ऐरवा कटरा जिला औरैया थे। दोनों चचेरे भाई थे। वे दो साल से नंगलाताशी गांव में रहकर निर्माणाधीन भवनों में मजदूरी कर रहे थे। अखिलेश पांच भाई बहनों में सबसे छोटा था। वहीं सुदीश दो भाई बहन थे। वह घर इकलौता चिराग था। मंगलवार सुबह तक दोनों युवक घर नहीं आए तो उनका चाचा थाने पहुंचा। जहां पर पुलिस ने रात में हुए हादसे के बारे में जानकारी दी। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन भी मोर्चरी पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा दीपक शर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात में केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली है, लेकिन पता नहीं चला कि हादसा किस वाहन से हुआ। उधर, मोर्चरी पर रोते हुए परिजनों ने कहा कि चचेरे भाई पांच दिन पहले ही घर से आये थे। दोनों की शादी नहीं हुई थी। परिजनों से कहा था कि हमारी चिंता मत करना जल्द ही घर आ जाएंगे।