मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के यूजी और पीजी फर्स्ट ईयर के प्राइवेट फार्म नहीं खुल पाने से छात्र सोमवार को दिन भर परेशान रहे। काफी मशक्कत के बाद कुछ छात्र ही अपना फार्म भर सके। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि मंगलवार को भी फार्म भरने में दिक्कत आएगी तो विश्वविद्यालय प्रशासन का घेराव किया जाएगा।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के यूजी और पीजी के प्राइवेट ऑनलाइन फार्म सात जनवरी से खोले गए हैं, जो 22 जनवरी तक भरे जाने हैं। लेकिन पिछले दो दिन से विवि की वेबसाइट छात्रों को धोखा दे रही है। घंटो की मशक्कत के बाद भी फार्म नहीं भरे जा रहे हैं। सोमवार को भी छात्रों ने फार्म नहीं भरे जाने की शिकायत की। शहर के साइबर कैफों के बाहर छात्रों की भीड़ लगी रही। कचहरी स्थित एक साइबर कैफे के संचालक रजनीश कुमार उर्फ बबलू ने बताया कि वेबसाइट पर अत्यधिक लोड होने के चलते यह सामान्य रूप से काम नहीं कर रही है। इसके चलते सोमवार को भी फार्म भरने में परेशानी हुई। दूसरी तरफ रालोद छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बालियान ने कहा कि अगर फार्म भरने में हो रही परेशानी दूर नहीं हुई तो विवि अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। खास बातें:
- सीसीएस यूनिवर्सिटी के यूजी-पीजी प्राइवेट फार्म 22 तक ऑनलाइन भरे जाएंगे
- 7 जनवरी से ऑनलाइन भरे जाने का किया था दावा, साइट पर नहीं खुल पा रहे फार्म