अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
जिस समाज का यूथ जितनी तरक्की करता है, वह समाज उतनी तेजी से ही विकास करता है। इसलिए यूथ को हिंसा और नशे से दूर रहकर शिक्षा के बल पर आगे बढ़ना चाहिए। ये बातें पूर्व गन्ना मंत्री स्वामी ओमवेश ने रविवार को जाट भवन में आयोजित जाट सभा के वार्षिक अधिवेशन एवं मेधावी सम्मान समारोह में कहीं।
उन्होंने कहा कि यह सही है कि देश की उन्नति में जातिवाद सबसे बड़ी बाधा है, लेकिन कोई कितनी भी कोशिश करें इसे झुठलाया नहीं जा सकता है। कहा कि युवाओं को अपने पूर्वजों और जाति के गौरवशाली इतिहास को पढ़कर आगे बढ़ना चाहिए। डॉ. एसपी सिंह पैसल, मेजर जनरल केएस सौलंकी, मेजर जनरल बीएस पंवार आदि ने समाज में फैली कुरीतियों, नशाखोरी, दहेज प्रथा आदि को रोकने पर बल दिया। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नौ बजे आर्य समाजी हरवीर सिंह सुमन ने हवन से की। इसके बाद सभी ने प्रांगण स्थित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर पूर्व विधायक चौधरी जगत सिंह, डीएस वर्मा, गजेंद्र सिंह पायल, इंद्रपाल मलिक, ब्रजपाल पैसल, चौधरी अमन सिंह, भूपाल सिंह, ओमपाल सिंह, कदम सिंह, दिगंबर सिंह, उदयवीर मलिक, बलराज सिंह आदि मौजूद रहे।
125 मेधावियों को किया सम्मानित
सम्मेलन में 125 मेधावियों को सम्मानित किया गया। इसमें हाई स्कूल व इंटरमीडिएट में 85 फीसदी से अधिक अंक लाने वाले, खेलों में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक लाने वाले और प्रतियोगी परीक्षाओं में बाजी मारने वाले युवाओं को प्रतीक चिह्न व प्रशस्ती पत्र दिया गया।
आर्थिक रूप से कमजोर मेधावियों का खर्च उठाएगी जाट सभा
जाट सभा के जिलाध्यक्ष चौधरी कल्याण सिंह ने कहा कि जाट सभा आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों और खिलाड़ियों का खर्च उठाएगी। सिंह ने कहा कि सभा कई छात्रों व खिलाड़ियों को आर्थिक मदद कर रही है। उन्होंने समाज के बड़े लोगों से समाज के कमजोर लोगों से ब्याज नहीं लेने की अपील की।
खास बात
जाट सभा के वार्षिक अधिवेशन एवं मेधावी सम्मान समारोह में बोले स्वामी ओमवेश