कार-बाइक की टक्कर, दो लोगों की मौत
गंगानगर। मवाना रोड स्थित नंगली ईशा गांव में कार-बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि कार सवार दरोगा घायल हो गया। बाइक सवार दोनों लोगों ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। सिर में चोट लगना मौत का कारण बताया गया।
इंचौली थाना क्षेत्र के नंगली ईशा गांव में मवाना की ओर जा रहे बाइक सवार दो लोगों को सामने से आई स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हेलमेट न होने की वजह से दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई। पुलिस ने घायलों को गंगानगर स्थित सूर्य हास्पिटल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एसओ इंचौली पंकज शर्मा के मुताबिक कार सवार राजवीर सिंह पुत्र करन सिंह निवासी गांव इकवारा थाना हस्तिनापुर गाजियाबाद पुलिस लाइन में दरोगा हैं और छुट्टी लेकर गांव आए हुए थे। दो दिन पूर्व बहन की मौत हो गई थी, जिसका अंतिम संस्कार कराकर ड्यूटी पर लौट रहे थे।
चार घंटे बाद शिनाख्त
पुलिस के अनुसार घटना के करीब चार घंटे बाद शवों की शिनाख्त महबूब (40) पुत्र रफीक अहमद निवासी समर गार्डन थाना लिसाड़ी गेट और आसिम (35) पुत्र मो. वाहिद निवासी गांव कांशी थाना परतापुर के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक दोनों टीपीनगर में मोटर मैकेनिक का काम करते थे। रविवार दोपहर को मीरापुर में किसी कार को सही करने के लिए दोनो निकले थे। पल्सर बाइक आसिम चला रहा था। पुलिस के अनुसार दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। पुलिस के अनुसार परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
परिजनों को पुलिस ने दोनों की मौत की खबर दी तो घर में कोहराम मच गया । रोते बिलखते हुए परिजन गंगानगर स्थित हास्पिटल पहुंचे। परिजनों के मुताबिक आसिम काफी समय से मोटर मैकेनिक का काम करता था। परिवार में पत्नी जेबा और दो बच्चे हैं। महबूब के परिवार में पत्नी फिरदौस और पांच बच्चे हैं।