छह हजार नर्स और टेक्नीशियन होंगे भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
प्रदेश की पर्यटन एवं महिला बाल कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा ने कहा कि निकाय चुनाव बाद प्रदेश में छह हजार नर्स और टेक्नीशियन की भर्ती की जाएगी। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए भी सख्ती से कदम उठाए जाएंगे।
मंगलपांडे नगर स्थित एक होटल में आयोजित भाजपा के कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने के बाद रीता बहुगुणा ने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या में शामिल चिकित्सकों पर अब कड़ी कार्रवाई होगी। पर्यटन को कुटीर उद्योग से जोड़ा जाएगा। गगोल और शुक्रताल पर्यटन के नक्शे पर नजर आएंगे। महाभारत कालीन सर्किट, बुद्ध सर्किट, रामायण सर्किट , कृष्णा सर्किट को विकसित किया जाएगा। अगले पांच साल में उत्तर प्रदेश को पर्यटन में देश का नंबर वन प्रदेश बनाया जाएगा।
हस्तिनापुर, परीक्षितगढ़ का विकास करने के साथ ही गगोल सरोवर, शुक्रताल और बरनावा को भी जोड़ा जाएगा। ताजमहल पर दिए गए सरधना विधायक ठा. संगीत सोम के बयान पर उन्होंने कहा कि यह विवाद खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जनता के सामने सब स्पष्ट कर चुके हैं। इस दौरान महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग, पूर्व एमएलसी सरोजिनी अग्रवाल, सतीश गर्ग, प्रवीण अग्रवाल, गजेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।
खास बात
मेरठ पहुंची प्रदेश की पर्यटन एवं महिला बाल कल्याण मंत्री ने दी जानकारी