मेरठ। संजू बाबा का कमबैक फिल्मी शुक्रवार पर भारी पड़ा। इस सप्ताह सिनेमाघरों में चार बड़ी फिल्में रिलीज हुईं। संजय दत्त की भूमि, श्रद्धा कपूर की हसीना पारकर, राजकुमार राव की न्यूटन और ललित नामदेव की जेडी। चारों फिल्मों में से बॉक्स ऑफिस पर लंबी कतार संजय दत्त की भूमि देखने के लिए रही।
चार फिल्में एक साथ रिलीज होने के कारण सभी फिल्मों क ो कम शो मिले। लेकिन दर्शकों का ध्यान पहले से अंतिम शो तक भूमि पर रहा। फिल्म में संजय दत्त को अदिति राव हैदरी के पिता की भूमिका में देखने से ज्यादा लोगों में क्रेेज अपने चहेते संजू बाबा को पुन: पर्दे पर देखने का था। शहर के सभी सिनेमाघरों व मल्टीप्लेक्स में ये फिल्में रिलीज हुई। बारिश के बाद भी लोगों ने परिवार और दोस्तों के साथ फिल्मों का आनंद लिया। प्रोमो में सबसे ज्यादा हिट रही हसीना पारकर, राजकुमार राव की न्यूटन और संजय दत्त की भूमि से काफी पिछड़ गई। न्यूटन को ऑस्कर में एंट्री की खबर से फिल्म का बाजार शाम तक और बढ़ गया।
सभी पर भारी पड़ी पिता-पुत्री की कहानी
मैरीकॉम जैसी मजबूत फिल्म बनाने वाले निर्देशक ओमंग कुमार ने एक बार फिर भूमि के माध्यम से अपनी निर्देशन प्रतिभा का लोहा मनवा लिया। ओमंग कुमार के निर्देशन में बनी फिल्म भूमि में संजय दत्त, अदिति राव की पिता-पुत्री की केमिस्ट्री दर्शकों को छू गई। अमित वी मसूरकर के निर्देशन में बनी न्यूटन को ऑस्कर में प्रवेश की खबर से अच्छा रिस्पांस मिला। फिल्म में राजकुमार राव, पंकज त्रिपाठी, अंजलि पाटिल, रघुवीर यादव प्रमुख भूमिका में रहे। अपूर्वा लखिया की हसीना पारकर में श्रद्धा कपूर हर कोंण से सिद्धांत कपूर पर हावी रहीं। अच्छे संवादों के कारण फिल्म दर्शकों को पसंद आई। शैलेंद्र पांडे द्वारा निर्देशित जेडी में ललित नामदेव, अमन वर्मा व वेदिता प्रताप सिंह ने मुख्य भूमिका निभाई।
भूमि देखना तय था
मैं परिवार के साथ भूमि फिल्म देखने आई हूं। पहले से ही तय किया था कि जब संजय दत्त की यह मूवी आएगी तो पहले दिन ही देखूंगी। फिल्म काफी अच्छी है। - गीतांजलि
संवाद काफी पसंद आए
मैंने भूमि फिल्म देखी, फिल्म के गीतों के अलावा संजय दत्त के डॉयलाग बहुत पसंद आए। - शिखर
अधिकारों की कहानी
न्यूटन फिल्म देखी, खुशी है कि हमने जो फिल्म देखी वो ऑस्कर में गई है। फिल्म में आम आदमी के अधिकारों पर बहुत अच्छे से कहानी बनाई है। - नमन
संजय ने अच्छा काम किया
पूरे परिवार के साथ भूमि फिल्म देखी है। अदिति और संजय दत्त दोनों ने बहुत अच्छा अभिनय किया है। - समीक्षा
श्रद्धा का अभिनय बढ़िया
परिवार के साथ हसीना पारकर मूवी देखी है। फिल्म के प्रोमो इतने अच्छे लगे थे, कि सोच लिया था फिल्म देखने जाएंगे। श्रद्धा ने हमेशा की तरह अच्छा अभिनय किया है। - श्रुति
संजय में दम बरकरार
संजय दत्त के अभिनय में पुराना दम आज भी बरकरार है। उनकी बुलंद आवाज, रोबीला अंदाज पर्दे पर साफ नजर आया है। फिल्म बहुत अच्छी लगी। - रवि