मेरठ। एनडीए की लिखित परीक्षा का वक्त आ गया है। 10 सितंबर को अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। मेरठ के करीब तीन हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं। नजदीक में सेंटर दिल्ली है। इसलिए 10 सितंबर की सुबह को दिल्ली की दौड़ होगी। जानकारों का कहना है समझदारी और मैनेजमेंट से सवालों का सामना किया गया तो एनडीए में नैया पार लग सकती है। हर सेक्शन को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। नेगेटिव मार्किंग के बीच सही को सलामत रखना चुनौती होगा।
छात्र-छात्राओं को एनडीए की निशुल्क कोचिंग दे रहे तुषार अग्रवाल का कहना है छात्रों के पास एक दिन का वक्त है। ऐसे में गणित के फार्मूले रिवाइज कर लें। क्योंकि नेगेटिव मार्किंग है इसलिए तुक्के भी सटीक मारे। कम कैलकुलेशन वाले सवाल पहले हल करें। बड़े सवालों को जल्दी से टच न करें। पेपर को एक नजर देखने के बाद अपनी स्ट्रेंथ के मुताबिक करें। ज्यादा सवाल हल करने के चक्कर में गलती ज्यादा न कर दें। वह भारी पड़ सकती है। तुषार अग्रवाल का कहना है एनडीए की तैयारी करने वालों की संख्या बढ़ रही है। एनडीए की कोचिंग देने वाले मयंक पाराशर का कहना है अभ्यर्थी इस बात का खास ध्यान रखें कि हर सेक्शन को अपनी बेस्ट नॉलेज के हिसाब से करें। हर सेक्शन में 25 प्रतिशत अंक लाने अनिवार्य हैं। हर सेक्शन की अलग मेरिट बनती है। गणित में 40 सवाल, अंग्रेजी में 25 से 30, इसी तरह साइंस और ह्यूमेनिटीज में 50-50 सवाल सही करने होंगे। हर सेक्शन की कटऑफ तैयार होगी। गणित के टीचर डॉ. विक्रांत जावला का कहना है एनडीए तैयारी का वक्त गुजर चुका है। अब पेपर की बारी है। आत्मविश्वास के साथ गणित में जितना भाग अच्छे से आता है, उसे ही टच करें। लंबी कैलकुलेशन के सवालों में समय प्रबंधन बिगड़ सकता है।
बढ़ रहे परीक्षार्थी
सेना की सेवा में जाने का जज्बा युवाओं में बढ़ रहा है। इसे जागरूकता कहे, देश सेवा का जज्बा या बेहतर विकल्प। एनडीए की तैयारी करने वालों की संख्या मेरठ में बढ़ रही है। जानकार इस बात की पुष्टि करते हैं। युवा इंजीनियरिंग और मेडिकल के बाद एनडीए की सबसे ज्यादा तैयारी कर रहे हैं। 10 सितंबर को पहला पेपर सुबह 10 से साढ़े बारह बजे तक होगा। इसमें 300 नंबर के 120 सवाल पूछे जाएंगे। दूसरा पेपर दोपहर दो से शाम साढ़े चार बजे तक होगा। इसमें 150 सवाल 600 अंक के होंगे।
मुख्य बातें
10 सितंबर को है एनडीए की लिखित परीक्षा, दिल्ली में है सेंटर
मेरठ से करीब तीन हजार छात्र-छात्राएं होंगे परीक्षा में शामिल