मेरठ। डेरा प्रमुख के खिलाफ फैसले के बाद प्रभावित हुआ रेल यातायात मंगलवार को पूरी तरह से सामान्य हो गया। दिल्ली से वाया मेरठ हरियाणा और पंजाब की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें संचालित होने लगीं हैं। जिससे यात्रियों को भारी राहत मिली है।
डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम प्रकरण के चलते पिछले छह दिनों से रेल यातायात बाधित चल रहा था। हालात सामान्य होने पर रेल यातायात सोमवार तक आंशिक रूप से बहाल हो गया था। लेकिन मंगलवार को यह पूरी तरह सामान्य हो गया। अब तक रद चल रहीं शालीमार एक्सप्रेस, गोल्डन टेंपल, सुपर एक्सप्रेस और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का पहिया भी घूमना शुरू हो गया। हालांकि सुपर एक्सप्रेस दोनों तरफ से चार से पांच घंटे की देरी से सिटी स्टेशन पर पहुंची। वहीं, गोल्डन टेंपल आधा घंटा और शालीमार एक्सप्रेस एक घंटा लेट रही। दिल्ली-कालका पैसेंजर सोमवार को ही बहाल हो गई थी। सिटी स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि दिल्ली से वाया मेरठ हरियाणा और पंजाब की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें सामान्य हो गई हैं। हालांकि इस दौरान रद रही ट्रेनों से रेलवे को हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
- डेरा प्रमुख प्रकरण के चलते छह दिनों से बाधित था रेल यातायात