मेरठ। करीब नौ माह से समय की पटरी पर उतरी संगम एक्सप्रेस अभी तक अपनी चाल में सुधार नहीं कर पाई है। मंगलवार को संगम एक्सप्रेस जहां अपने निर्धारित समय से तीन घंटा देरी से सिटी रेलवे स्टेशन पहुंची तो वहीं नौचंदी एक्सप्रेस भी एक घंटा लेट रही।
संगम एक्सप्रेस सर्दियों में कोहरे की वजह से लेट होना शुरू हुई और गर्मियों में भी यह लेटलतीफी जारी है। कई बार तो संगम 10 घंटे तक लेट पहुंची। इसे राइट टाइम चलाने के लिए दो बार रद्द भी किया गया। भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने इस संबंध में रेलवे मंत्रालय से लेकर केंद्रीय रेल मंत्री तक से कई बार शिकायत दर्ज कराई। सांसद ने सदन में भी यह मुद्दा उठाया। लेकिन उसके बावजूद भी नतीजा सिफर रहा। इसके साथ ही नौचंदी एक्सप्रेस की चाल भी बिगड़ी हुई है। दोनों ट्रेनों की देरी हजारों यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनी है। हालांकि सिटी स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा कहते हैं कि दोनों ट्रेनों ने अपने समय में सुधार किया है।
- मंगलवार को भी संगम तीन घंटे और नौचंदी एक घंटा देरी से पहुंची