गंगानगर/मेरठ। कारगिल में शहीद हुए बेटे की याद मुझे गर्व महसूस कराती है। मुझे जीवन जीने की शक्ति प्रदान करती है। यह कहना है कि शहीद मेजर मनोज तलवार के पिता कैप्टन (रिटायर्ड) पीएल तलवार का।
बेटे की शहादत के बारे में जिक्र करते हुए वे बताते हैं कि सियाचिन की 19 हजार फीट ऊंची पहाड़ी की चोटी पर मेजर मनोज ने अपने साथियों के साथ दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देकर विजयी पताका फहराई थी। उसी पल दुश्मन की गोली सीने पर खाकर मनोज शहीद हुए थे। वह शहादत का दिन 13 जून 1999 था। अब उस चोटी को तलवार पीक के नाम से जाना जाता है।
वर्तमान स्थिति नहीं सही
अपने कर्तव्य को धर्म मानने वाले पीएल तलवार अब वर्तमान स्थिति को सही नहीं बताते। कहते हैं कि पहले शहीदों के परिवारों पर जिलाधिकारी द्वारा थोड़ा ध्यान दिया जाता था। लेकिन अब ऐसा नहीं होता। राज्य सरकार से मिलने वाली पांच हजार रुपये की पेंशन भी अब सम्मान योग्य हो जानी चाहिए। उनका कहना है कि पाकिस्तान और चीन कभी भी भारत के मित्र नहीं हो सकते। दुश्मन हमेशा हमले को तैयार रहता है जबकि हम बातचीत करना चाहते हैं। हमारे लिए देश की सुरक्षा से बढ़कर कुछ नहीं है। देश में चीनी सामान और कंपनियों को प्रतिबंधित कर देना चाहिए। शहीदों के परिवार के प्रति आमजन में सम्मान पैदा करने की आवश्यकता है। प्रत्येक परिवार बच्चों को फौज में जाने की प्रेरणा दे।
- कारगिल शहीद मेजर मनोज तलवार के पिता पीएल तलवार बोले
- कहा, बेटे की शहादत पर गर्व, देती है मुझे जीवन जीने की शक्ति