60 हजार उपभोक्ताओं को चार घंटे नहीं मिली बिजली
मेरठ। दिल्ली रोड के चार बिजलीघर क्षेत्रों में चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण 60 हजार से ज्यादा उपभोक्ता परेशान रहे। लोगों ने बिजलीघर से लेकर अधिकारियों तक फोन किए। दोपहर 12 बजे बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी।
रविवार को एनसीआरटीसी ने आरआरटीएस परियोजना के लिए दिल्ली रोड पर सुबह 8 बजे से 11 बजे तक तीन घंटे के लिए शटडाउन लिया था। इसकी जानकारी पीवीवीएनएल ने उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल पर मैसेज भेजने के साथ ही मीडिया के जरिये भी दी थी। रविवार सुबह 33 केवी मोहकमपुर, माधवपुरम और टीपीनगर बिजलीघर के साथ ही 11 केवी रिठानी फीडर की बिजली गुुल हो गई।
बिजली जाते ही पानी भी चला गया। पूर्वाह्न 11 बजे तक भी बिजली नहीं आई तो उपभोक्ताओं ने बिजलीघर पर फोन करना शुरू कर दिया। पंजाबीपुरा निवासी वीरेंद्र जैन उर्फ बिल्लू और संजीव जैन ने बताया कि शटडाउन तीन घंटे का था, लेकिन 11 बजे तक बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी। अधिकारियों को फोन किया तो रिसीव नहीं किया गया। चार घंटे बाद दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी। इसके बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। अधीक्षण अभियंता शहर विजयपाल ने बताया कि रैपिड रेल परियोजना के लिए काम तय समय से थोड़ा आगे बढ़ने के कारण आपूर्ति करने में देर लगी।