शास्त्रीनगर में प्रॉपर्टी डीलर के घर 60 लाख की चोरी
मेरठ। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में ज्वेलरी शॉप में एक करोड़ की डकैती का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा कि बुधवार रात बदमाशों ने शास्त्रीनगर सेक्टर आठ में प्रॉपर्टी डीलर के घर से 60 लाख रुपये का माल समेट लिया। इस घटना से लोगों में आक्रोश है।
शास्त्रीनगर सेक्टर-8 निवासी प्रॉपर्टी डीलर कमलेश चौहान काम के सिलसिले में नोएडा गए हुए थे। उनकी पत्नी राधा चौहान तीन दिन पहले मायके खुर्जा गई थीं। घर पर ताला लगा था। बृहस्पतिवार सुबह पड़ोसियों ने देखा कि कमलेश चौहान के घर में लाइट जली है। लोगों को शक हुआ और उन्होंने कमलेश को सूचना दी। कमलेश ने अपने दामाद को फोन कर घर पर भेजा। दामाद जब वहां पहुंचे तो कमरों के ताले टूटे पड़े थे। उन्होंने सूचना दी कि घर में चोरी हो गई है। यह सुनकर कमलेश और राधा चौहान कुछ ही घंटे में घर पहुंच गए।
सूचना पर एसपी सिटी और सीओ सिविल लाइन फोरेंसिक टीम के साथ पहुंच गए। घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त था और अलमारी टूटी पड़ी थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अलमारी में रखे 15 लाख रुपये के अलावा चोर करीब 25 लाख रुपये कीमत के जेवरात व कीमती सामान ले गए।
48 घंटे में फिर बड़ी वारदात
नौचंदी थाना क्षेत्र में 48 घंटे के भीतर हुई दूसरी बड़ी वारदात से लोगों में आक्रोश फैल गया। लोग पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठाने लगे हैं। उनका कहना है कि हर साल सर्दी बढ़ने के साथ ही पुलिस की गश्त थम जाती है। इसका बदमाश लाभ उठाकर वारदातों को अंजाम देते हैं। रात के समय में शहर में कई बड़ी वारदात हो चुकी हैं लेकिन पुलिस कहीं दिखाई नहीं दे रही।
हूटर अभियान पर उठे सवाल
सर्दी में सुरक्षा का अहसास कराने के उद्देश्य से गत वर्ष पुलिस की ओर से हूटर अभियान चलाया गया था। यह अभियान पूरी रात चलता था, जिस कारण चोरी की वारदात काफी हद तक रुकी थीं। लेकिन इक्का-दुक्का थाने को छोड़कर किसी भी अन्य क्षेत्र में हूटर अभियान नहीं चल रहा। संवेदनशील इलाकों में यह अभियान कारगर साबित हुआ था।
जल्द घटना खोलेंगे
प्रॉपर्टी डीलर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस व फोरेंसिक टीम को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जल्द घटना का अनावरण होगा। - डॉ. एएन सिंह, एसपी सिटी