परीक्षा देकर लौट रही छात्रा से छेड़छाड़ व मारपीट
मवाना। थाना क्षेत्र के गांव निवासी समुदाय विशेष के युवती अपने भाई के साथ प्राइवेट बस से गांव लौट रही थी। उसी बस में सवार उनके ही गांव के दो युवकों ने उसके साथ अश्लील हरकत की। उन्होंने विरोध करने पर भाई-बहन को बस से नीचे खींचने का प्रयास किया तथा मारपीट की।
समुदाय विशेष की युवती ने बताया कि वह बना गांव स्थित कॉलेज से बीसीए की परीक्षा देकर घर लौट रही थी। उसके साथ उसका भाई भी था। इसी बस में उनके गांव के दो युवक सवार थे। उसके साथ अश्लील हरकत तथा छींटाकशी करने लगे। जब उसके भाई ने विरोध किया तो दोनों नामजद आरोपी गालीगलौज करने लगे तथा मारपीट पर उतारू हो गए ।
बस दुधली गांव के समीप पहुंची तो दोनों आरोपियों ने उसे जबरन रुकवा लिया। उसे तथा उसके भाई को जबरन बस से नीचे खींचने लगे। बस में सवार लोगों ने उन्हें बचाया। इस दौरान छात्रा के कपडे़ भी फट गए। वहां तो दोनों आरोपी धमकी देकर चले गए। बस गांव में पहुंची तो दोनों आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उनसे मारपीट की। शोर सुनकर लोगों को आता देख दोनों आरोपी उसकी इज्जत की धज्जियां उड़ा देने की धमकी देकर चले गए। एसएसआई नरेंद्र सिंह का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।