नवविवाहिता ने प्रेमी के साथ जहरीला पदार्थ खाया, मौत
मुरादनगर। नवविवाहित प्रेमिका और प्रेमी द्वारा एकसाथ जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में दोनों को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रेमिका की मौत हो गई है। प्रेमी की हालत गंभीर है।
मुरादनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी प्रेमिका की 15 दिन पहले शादी हुई थी। युवती का गांव के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था। युवती के परिजनों को पता चला तो उन्होंने युवती की शादी कर दी। युवती शादी से खुश नहीं थी। गत एक मई को दोनों मोदीनगर भोजपुर थानाक्षेत्र के एक गांव में पहुंचे। इस गांव में युवती की रिश्तेदारी है। यहां दोनों ने एकसाथ जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर आनन-फानन में पहले दोनों को मोदीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, गंभीर हालत होने पर दोनों को मेरठ रेफर किया गया। जहां बृहस्पतिवार रात उपचार के दौरान प्रेमिका की मौत हो गई। प्रेमी की हालत गंभीर बनी हुई है। एसएचओ उमेश बहादुर सिंह का कहना है पंचनामा भर युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। अभी मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। हालांकि घटना स्थल मोदीनगर भोजपुर थाना क्षेत्र का है।