मेरठ। परतापुर कताई मिल परिसर में 23 मई को लोकसभा चुनाव की मतगणना होगी है। मतदान के बाद से सभी ईवीएम को इसी कताई मिल परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूमों में रखा हुआ है। जिसकी सुरक्षा में सुरक्षा बलों के साथ मजिस्ट्रेट 24 घंटे तैनात हैं, तो बसपा प्रत्याशी ने भी बाहर गेट पर अपनी सुरक्षा अलग से की हुई है। वहीं बुधवार को कताई मिल परिसर में एक मेटाडोर में खाली संदूक जाने को लेकर बसपा प्रत्याशी ने निर्वाचन आयोग में शिकायत कर जांच कराने की मांग की है। हालांकि बुधवार को ही जिलाधिकारी ने स्पष्ट कर दिया था कि मतगणना की तैयारी के तहत खाली संदूक मतगणना स्थल के बाहर रखवाए गए हैं, ताकि उस दिन इन संदूकों में स्ट्रांग रूम से ईवीएम को भरकर मतगणना टेबिल तक पहुंचाया जा सके।
बृहस्पतिवार को बसपाइयों ने अपनी सुरक्षा और कड़ी कर दी है। गेट पर लगी एलसीडी के माध्यम से सीसीटीवी कैमरों के लाइव प्रसारण के साथ दूरबीन से बसपाई स्ट्रांग रूम पर नजर लगाए हुए हैं। वहीं, बृहस्पतिवार को बसपा जिलाध्यक्ष डा. सुभाष प्रधान, रालोद के राष्ट्रीय सचिव मुकेश जैन, प्रदेश सचिव अर्जुन ढिंडाला, सुमेरसिंह धार सहित कई नेता कताई मिल पहुंचे।