थप्पड़ के बदले ली थी पति की जान
मवाना/मेरठ। पुलिस ने मंगलवार को नीतिश हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार हत्या की वारदात को नीतिश की पत्नी रश्मि ने थप्पड़ के बदले अंजाम दिया था।
एसपी देहात अविनाश पांडेय ने बताया कि दौराला थाना क्षेत्र के कैली गांव निवासी नीतिश शर्मा (28) पुत्र महेश शर्मा मवाना के मोहल्ला रामबाग में किराये पर रह रहा था। 27 अप्रैल की रात उसका शव जाल पर पड़ा मिला, जबकि पत्नी रश्मि व दो बच्चे कमरे में सो रहे थे। नीतिश के भाई अजय ने नीतिश की पत्नी रश्मि पर शक जाहिर करते हत्या का अंदेशा जताया था। लेकिन रश्मि का दावा था कि नीतिश की मौत शराब पीने से हुई होगी। नीतिश की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना आया। गले की हड्डी भी टूटी मिली। एसओ मवाना संजय कुमार ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली थी। लेकिन कोई भी व्यक्ति घर के अंदर आता-जाता नहीं दिखा। पुलिस ने शक जाहिर करते हुए रश्मि से कड़ाई से पूछताछ की। जिसके बाद रश्मि को गिरफ्तार कर लिया गया।
शराब पिलाकर गला दबाया
एसपी देहात ने बताया कि रश्मि ने पूछताछ में बताया कि उसके पति ने जमीन बेची थी। जिसकी रकम को लेकर उसका पति से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान पति ने उसे थप्पड़ मार दिया था, जो उसे नागवार गुजरा था। घटना वाली रात नीतिश घर पहुंचा तो साथ में शराब लेकर आया था। उसने योजना के मुताबिक उसे खुद शराब पिलाई थी। जब वह नशे में हो गया था तो चुनरी से गला दबाकर उसे मार डाला था। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चुनरी बरामद कर ली गई है।
मां के साथ जेल में रहेगी दो साल की मासूम
पुलिस के अनुसार रश्मि की दो बेटियां हैं। रश्मि ने जेल जाने से पहले अपनी पांच साल की बड़ी बेटी से मिलने की इच्छा जतायी थी। लेकिन वह देरी से पहुंची थी। वहीं उससे छोटी दो साल की बेटी मां के बिना नहीं रह सकती, जिस कारण पुलिस ने इस मासूम को मां के साथ ही भेज दिया। वहीं बड़ी बेटी को उसकी नानी ले गई।