- रजिस्ट्रार और एमबीए के छात्र पर हमले में विवि प्रशासन हुआ सख्त
- आरोपियों की गिरफ्तारी में पुलिस अभी तक खाली हाथ
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। सीसीएसयू के कार्यवाहक रजिस्ट्रार पर जानलेवा हमले के बाद प्रशासन पूरी तरह से सख्ती के मूड में आ गया है। माहौल खराब करने वाले सभी छात्रों पर शिकंजा कसा जा रहा है। तीन दिन पहले सर छोटूराम इंजीनियरिंग कॉलेज में भी एमबीए के छात्र पर हमला करने वालों को भी ब्लैक लिस्टेड किया जा सकता है। सोमवार को विवि प्रशासन ने पुराने ब्लैक लिस्टेड छात्रों की सूची को भी अपडेट किया है। सोमवार को अपडेट सूची पुलिस को सौंपी जाएगी। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मेडिकल पुलिस ने शनिवार को भी दबिश दी लेकिन कोई हाथ नहीं लगा।
बृहस्पतिवार रात कार्यवाहक रजिस्ट्रार वीपी कौशल पर हमले में मेडिकल पुलिस ने अमित मलिक और उसके पांच-छह साथियों के खिलाफ जानलेवा हमला और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। पूरे प्रकरण के बाद विवि प्रशासन ने ब्लैक लिस्टेड छात्रों की सूची पुलिस को सौंपने का निर्णय लिया था ताकि ऐसे युवकों को कैंपस में आने से रोका जा सके। वहीं, बुधवार को सर छोटूराम इंजीनियरिंग कॉलेज में एमबीए छात्र से मारपीट करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की तैयारी है। चीफ प्रॉक्टर प्रो. वीरपाल सिंह ने बताया कि काली सूची काफी पुराने समय से थी। ऐसे में उसमें से पुराने छात्रों के नाम निकालकर उसे अपडेट किया जा रहा है। सोमवार को उसे पुलिस को दे दिया जाएगा।