खरखौदा। गांव अलीपुर स्थित तान्या मार्केटिंग मीट फैक्टरी के आसपास शुक्रवार को करीब 300 बीघा फसल झुलस गई थी। पीड़ित किसानों ने फैक्टरी में गैस रिसाव होने का आरोप लगाया था। इस पर एसडीएम सदर शनिवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम के साथ जांच के लिए तान्या फैक्टरी पहुंचे।
अलीपुर स्थित तान्या मार्केटिंग मीट फैक्टरी के पीछे अलीपुर के किसानों की कृषि भूमि है। जिसमें किसानों ने सब्जी की फसलें बोई हुई हैं। शुक्रवार सुबह में करीब 15 किसानों की लगभग तीन सौ बीघा सब्जी की फसल झुलसी मिली। इस पर किसानों ने हंगामा कर फैक्टरी संचालक के खिलाफ कार्रवाई एवं मुआवजे की मांग की थी। वहीं, ग्राम प्रधान की तहरीर पर फैक्टरी संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। एसडीएम सदर कमलेश कुमार शनिवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक वैज्ञानिक डॉ. योगेंद्र कुमार के साथ फैक्टरी पहुंचे। यहां प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने झुलसी फसलों एवं फैक्टरी से निकली गैस का मामला कारखाना विभाग का बताया। इसके बाद टीम बिना जांच किए लौट गई।
मामले की जांच के लिए प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम के साथ फैक्टरी पहुंचे थे। मामला कारखाना एवं कृषि विभाग का होने के कारण ये दोनों विभाग ही जांच करेंगे। कमलेश कुमार, एसडीएम सदर मेरठ