केबल नेटवर्क संचालक पर अवैध वसूली का आरोप
मवाना। सपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नगर के केबल नेटवर्क संचालक पर पैक के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। सपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष सचिन गुर्जर ने बताया कि सरकार के आदेश पर सभी टीवी चैनलों ने अपने पैक के रेट जारी कर दिए है। परंतु केबल नेटवर्क संचालक लोकल चैनल को भी पैक में जोड़कर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली कर रहे है, जिस कारण उपभोक्ताओं की जेब पर खुलेआम डाका डाला जा रहा है। सोमवार को उन्होंने तहसील पहुंचकर एसडीएम मवाना को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की जानकारी दी। बताया कि यदि कोई उपभोक्ता अधिक रुपये देने से मना कर देता है तो संचालक चैनल बंद करने की धमकी देता है। जिस कारण उपभोक्ता परेशान है। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में मामला सही पाया गया तो कार्रवाई होगी। नवेद आलम, योगेंद्र भाटी, फरीद आलम, हनीफ पहलवान, विनय आदि मौजूद रहे।