अमर उजाला ब्यूरो
सरूरपुर। एडीएम प्रशासन रामचंद्र ने रोहटा ब्लॉक के मिर्जापुर-नारंगपुर संपर्क मार्ग का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि इस रास्ते पर पिछले आठ साल से जलभराव है। जिससे कई गांव के लोग परेशान हैं। इसको लेकर कई बार निस्तारण के लिए गुहार लगा चुके हैं। इसके बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों की गुजारिश पर एडीएम प्रशासन ने रविवार को मिर्जापुर-नारंगपुर संपर्क मार्ग निरीक्षण किया। यहां पर पिछले आठ साल से निकासी नहीं होने कारण जलभराव है। ऐसे में ग्रामीणों दूर के रास्ते से नारंगपुर जाना पड़ रहा है। यहां पर कई गांव के लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। एडीएम प्रशासन ने तहसील टीम को मामले को निपटाने के लिए कहा। वहीं, इसके बाद निर्मल हिंडन कार्यक्रम अंतर्गत कैथवाड़ी गांव में वॉलीबाल की बॉल, नेट और पोल वितरित किए गए। मेरठ जनपद के 18 गांव के प्रधानों को ये खेल का सामान वितरित किया गया। यह सामान क्लीन मेरठ के समन्वयक अमित अग्रवाल के सौजन्य से उपलब्ध कराए गए। ग्राम प्रधानों को खेल का सामान अपर जिलाधिकारी प्रशासन रामचंद्र द्वारा वितरित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिंडन नदी किनारे के 18 गांव को प्रदूषण मुक्त करने का लक्ष्य है। इसके लिए प्रशासन द्वारा सभी प्रकार की मदद की जाएगी। अमित अग्रवाल ने कहा कि पूर्व कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार के सपनों को पूरा करने के लिए हम इस कार्य को आगे बढ़ते रहेंगे। नीर फाउंडेशन के निदेशक रमनकांत त्यागी ने बताया कि निर्मल हिंडन कार्यक्रम की सफलता समाज और सरकार के सहयोग पर निर्भर करती है। राजीव त्यागी ने कहा कि हिंडन की बेहतरी के लिए सभी को साथ मिलकर प्रयास करने होंगे। इसमें उकसिया, मिर्जापुर, रासना, कैथवाड़ी, मोहमदपुर धूमी, रावा, कलीना, उखलीना, उकसिया, कल्याणपुर व आलमगीरपुर समेत 18 गांव के प्रधानों को खेल का सामान दिया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी अमरीश त्यागी, अरुण, इदरीश त्यागी, शुभम, मिर्जापुर प्रधान सचिन कुमार, राजीव, नईम, सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
मुख्य बातें
एडीएम प्रशासन ने रविवार को किया मार्ग का निरीक्षण, तहसील टीम को दिया निर्देश