मेरठ। शारदा रोड पर बृहस्पतिवार को एक महिला दुकानदार ने भाजपा पार्षद पर अभद्रता करने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। महिला पार्षद के खिलाफ ब्रह्मपुरी थाने पहुंच गई और रिपोर्ट दर्ज कराने की जिद पर अड़ गई। सूचना पर पार्षद भी दर्जनों व्यापारियों के साथ थाने पहुंच गया। थाने में ही दोनों पक्षों में नोकझोंक हो गई। पुलिस के दखल देने पर दोनों पक्ष बिना कार्रवाई थाने से चले गए।
इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी के अनुसार महिला ने बताया कि 22 अगस्त को उसने एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी को लेेकर दोपहर को वार्ड पार्षद और एक अन्य व्यक्ति ने उनकी दुकान पर पहुंचकर रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया और धमकी दी। विरोध करने पर उनसे अभद्रता की। वहीं, पार्षद का कहना है कि जिसके खिलाफ महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी, उस पक्ष के लोग मेरे पास आए थे। इसी संबंध में वे महिला से बात करने गए थे। उन्होंने कोई अभद्रता नहीं की। इंस्पेक्टर के अनुसार यदि कोई भी पक्ष रिपोर्ट कराने आता है तो दर्ज की जाएगी।