तीसरी ओपन मेरिट में सभी को मिलेगा एडमिशन
मेरठ। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से संबद्घ कॉलेजों में तीसरी ओपन मेरिट में सभी को एडमिशन मिलेगा। जिन छात्रों ने मेरिट में नाम आने के बाद भी एडमिशन नहीं लिया था, वे भी तीसरी ओपन मेरिट में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही जो छात्र रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं वे भी 18, 19 और 20 जुलाई को ऑफर लेटर डाउनलोड करें। 21 को तीसरी ओपन मेरिट में नाम आने के बाद छात्र-छात्राएं 23 एवं 24 जुलाई को एडमिशन ले सकते हैं। कुछ छात्रों ने 12 जुलाई को ही लॉगइन कर ऑफर लेटर डाउनलोड कर लिए थे, उन सभी को कैंसिल कर दिया दिया है। इन छात्रों को 18 से ही ऑफर लेटर डाउनलोड करने पड़ेंगे।
सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में यूजी कक्षाओं और प्रोफेशनल कोर्सों में सीटें खाली पड़ी हैं। सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में बीए, बीएससी और बीकॉम में करीब 80 हजार के सीटें खाली पड़ी हैं। ऐसे में जितने भी रजिस्ट्रेशन हुए हैं, सभी को एडमिशन मिल मिलेंगे। छात्र सीटों की उपलब्धता विवि के एडमिशन पोर्टल सीसीएसयू वेब डॉट इन पर जाकर जिलेवार कॉलेजों में खाली सीटें देखकर ऑफर लेटर डाउनलोड कर सकते हैं।
एमएससी एग्रीकल्चर में रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि आज
एमएससी एग्रीकल्चर में एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि आज है। रविवार को विवि की ओर से मेरिट जारी की जाएगी। बीएड अल्पसंख्यक कॉलेजों में भी एडमिशन की आज ही अंतिम तिथि है।
एलएलबी में मेरठ कॉलेज में सबसे ज्यादा आवेदन
मेरठ कॉलेज की एलएलबी की विभागाध्यक्ष डॉ. अंजलि मित्तल ने बताया कि लॉ में रजिस्ट्रेशन खुल चुके हैं। तीन सौ सीटों के लिए अब तक 2459 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। नौ जिलों के कॉलेजों की बात करें तो बीए-एलएलबी में 5183 और तीन वर्षीय एलएलबी में 24498 रजिस्ट्रेशन किए जा चुके हैं।
मेरठ कॉलेज में करें एमजेएमसी में आवेदन
मेरठ कॉलेज में दो वर्षीय एमजेएमसी डिग्री पाठ्यक्रम के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किए जा सकते हैं। कॉलेज एडमिशन पोर्टल पर आ गया है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 17 जुलाई है।
खास बातें:
- 18, 19, 20 जुलाई को डाउनलोड करें ऑफर लेटर
- एडमिशन पोर्टल पर देख सकते हैं जिलेवार खाली सीटों का ब्यौरा