मेरठ। सफाई मजदूर संघ नगर निगम का त्रैवार्षिक प्रतिनिधि अधिवेशन एवं चुनाव मंगलवार को चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन में किया गया। अध्यक्षता प्रेमनाथ धींगड़ा एवं राजू धवन ने की।
अधिवेशन का उद्घाटन वीरेंद्र सिरोही ने किया। सफाई कर्मचारी नेताओं ने 14 सूत्रीय मांग पत्र मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी एवं भाजपा नेता चौ. जगत सिंह को सौंपा। चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं होती हैं तो शहर की सफाई का चक्का जाम किया जाएगा। पूर्व एमएलसी ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगों को शासन तक पहुंचाया जाएगा। उनका समाधान कराने का भी प्रयास किया जाएगा। राजू धवन ने कहा कि निगम के संविदा सफाई कर्मियों को आउट सोर्सिंग पर कर दिया गया। कर्मचारियों को पर्याप्त वेतन नहीं दिया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण खेतिहर मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सतीश नवल, डेयरी कर्मचारी संघ के रामपाल चौहान, चीनी उद्योग कर्मचारी यूनियन के हरवीर सुमन, दीपक मनोठिया, कैलाश चंदोला, विनेश विद्यार्थी आदि रहे। कैलाश चंदोला को हिंद मजदूर सभा मेरठ का जिला महामंत्री, विनेश विद्यार्थी को मंत्री, वीर सिंह को जिला मंत्री, युवा समिति का जिलाध्यक्ष सावन वैद को बनाया गया।