रावण ने मेडिकल में कराया रूट कैनाल ट्रीटमेंट
मेरठ। सहारनपुर हिंसा के आरोपी चंद्रशेखर उर्फ रावण को मंगलवार को दांत में दर्द की शिकायत पर मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां उसके दांत का रूट कैनाल ट्रीटमेंट हुआ। इस दौरान उसने मीडियाकर्मियों से कहा कि अभी सिर्फ इलाज की बात, राजनीति की बातें फिर कभी।
रावण को दोपहर करीब डेढ़ बजे सहारनपुर जेल से पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां दंत चिकित्सा ओपीडी में उसकी जांच हुई। जांच के बाद दंत चिकित्सकों की टीम ने उसे दांत का एक्सरे कराने के लिए आनंद अस्पताल भेजा। इसके बाद मेडिकल कॉलेज में रावण का रूट कैनाल ट्रीटमेंट किया गया। जाते हुए उसने कहा कि वह अब अच्छा महसूस कर रहा है। मेडिकल अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. अजीत चौधरी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में दांत का एक्सरे करने की मशीन नहीं है, इसलिए निजी अस्पताल भेजा गया था। इस दौरान रावण के काफी समर्थक मेडिकल अस्पताल पहुंचे और उससे मिले। गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर माह में भी कोलेस्ट्रॉल बढ़ा होने केकारण रावण मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।