गंगानगर। मवाना रोड स्थित मसूरी भट्ठे के पास एक निजी बस ने बाइक सवार छात्रों को टक्कर मार दी। इसमें एक छात्र की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरे छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं चालक बस छोड़कर फरार हो गया। परिजनों की तहरीर पर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मवाना थाना क्षेत्र के गांव जयसिंहपुर निवासी कुलदीप खेती करते हैं। सोमवार को उनका सबसे बड़ा बेटा शुभम उर्फ विक्की (18) अपने दोस्त प्रिंस पुत्र सुरेशचंद के साथ मेरठ गया था। दोपहर करीब दो बजे घर लौटते समय मसूरी गांव के भट्ठे के पास एक निजी बस ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी। इससे शुभम की बस के नीचे आने से मौत हो गई। जबकि प्रिंस बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची इंचौली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक छात्र ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। वहीं हादसे के बाद मौके पर जाम की स्थिति बन गई।
परिजनों का बुरा हाल
परिजनों के मुताबिक शुभम मवाना स्थित स्प्रिंग डेल्स स्कूल में 12वीं का छात्र था। उसकी परीक्षाएं चल रही थीं। मां सुनीता, भाई निक्की व बहन शिप्रा का रो रोकर बुरा हाल है।
गड्ढा बना हादसे का कारण
मवाना रोड पर बने गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों के मुताबिक भट्ठे के पास चालक ने गड्ढे से बचने के चक्कर में अचानक बस साइड में काट दी। जिससे बस की साइड में चल रहे बाइक सवार छात्र शुभम व प्रिंस चपेट में आ गए।