मेरठ। एमडीए द्वारा अवैध निर्माणों पर लगाईं सील की मंडलायुक्त के आदेश पर जांच चल रही है। जिसमें मंगलवार को एमडीए की टीमों ने छह सील लगे निर्माणों की जांच की, जिसमें तीन निर्माणों पर जहां सील यथावत पायी गयी, वहीं तीन निर्माणों पर सील टूटी मिलने पर उनके खिलाफ केस दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
अमर उजाला ने पिछले दिनों खबर प्रकाशित की थी। जिसमें सील लगने के बाद एमडीए की साठगांठ पर सील टूटने और निर्माण होने जैसे मामलों का खुलासा किया था। इसके अलावा कुछ ऐसे भी निर्माण का खुलासा किया था, जिन पर एमडीए टीम ने सील लगायी। लेकिन बाद में सील टूट गयी। इस खबर का संज्ञान लेते हुए मंडलायुक्त ने एमडीए अधिकारियों की बैठक में ऐसे सभी निर्माणों की जांच कराने और जहां भी सील टूट गयी है, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिए थे।
मंगलवार को जोन बी क्षेत्र में छह अवैध निर्माणों का एमडीए टीम ने निरीक्षण किया। जिसमें रुड़की रोड स्थित वैष्णोधाम कॉलोनी में तृतीय दल पर दो कमरे और बाथरूम आदि पर सील लगी पायी गयी। इसके अलावा श्रीराम विहार कॉलोनी रोहटा रोड में भी जिन अवैध फ्लैट पर सील लगायी गयी थी, उनमें और रुड़की रोड पर ही सीएनजी फीलिंग पंप पर भी सील लगी पायी गयी।
जबकि रुड़की रोड पर ही एक बैंक्वेट हॉल पर लगी सील, रुड़की रोड पर इंद्रप्रस्थ इस्टेट कॉलोनी फेस-1 के दो अवैध निर्माणों पर लगी सील टूटी हुई पायी गयी। इन तीनों मामलों में थाना कंकरखेड़ा और पल्लवपुरम में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गयी है।