मेरठ। निजी चिकित्सक अब जल्द ही 65 वर्ष से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों का नि:शुल्क इलाज करेंगे। शुक्रवार को कमिश्नर, आईएमए पदाधिकारियों और सीएमओ की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लग गई है। ये चिकित्सक दो घंटे की नि:शुल्क जेरियाट्रिक (बुढ़ापा) ओपीडी में उपलब्ध रहेंगे। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि फिलहाल आईएमए भवन में सुबह नौ से 11 बजे तक ओपीडी पर सहमति बनती नजर आ रही है। वहीं, आईएमए अध्यक्ष डॉ. वीरोत्तम तोमर का कहना है कि आईएमए पदाधिकारियों और डॉक्टरों के साथ जल्द बैठक कर इसे शुरू किया जाएगा। इस ओपीडी में मुख्य तौर पर हृदय रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग चिकित्सक, मानसिक रोग विशेषज्ञ, यूरोलोजिस्ट, मधुमेह (शुगर) विशेषज्ञ और फिजिशियन आदि मौजूद रहेंगे।
जिला अस्पताल में जेरियाट्रिक वार्ड का प्रस्ताव अटका
मेरठ। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत बुजुर्गों के लिए जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग में 20 बेड का जेरियाट्रिक केयर वार्ड बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया था। इसमें 60 साल से ज्यादा उम्र के मरीजों की देखभाल की जानी थी। इस संबंध में जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. पीके बंसल ने बताया कि फिलहाल प्रस्ताव शासन में अटका हुआ है। कुछ दिन बाद फिर से शासन को पत्र लिखा जाएगा।