आ गया मानसून, चार दिन तक होगी झमाझम
मोदीपुरम। मानसून का इंतजार खत्म हो गया है। दिल्ली में रविवार को मानसून पहुंच गया है। मेरठ में भी आज पहुंच जाएगा। अब आने वाले 4-5 दिन झमाझम बारिश होगी। मौसम विभाग ने मानसून के आने का अलर्ट जारी कर दिया है।
पिछले पांच दिन से चल रही प्री मानसून की बारिश के बाद दिल्ली तक मानसून पहुंच गया है। अब मेरठ में मानसून की बारिश होगी। मौसम विभाग ने चार से पांच दिन तक वेस्ट यूपी और एनसीआर क्षेत्र में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। बारिश के बीच मौसम में नमी रहेगी और तापमान भी सामान्य से नीचे रहेगा। वहीं बारिश के चलते दिन के तापमान में भी पांच डिग्री की गिरावट आ गई है। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 29.7 और न्यूनतम 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 95 व न्यूनतम 82 प्रतिशत दर्ज की गई। एक दिन पहले की अपेक्षा दिन के तापमान में 5 डिग्री की गिरावट और रात के तापमान में .5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। रविवार को बारिश 10.1 मिमी हुई, जबकि दो दिन में 21.4 मिमी रिकॉर्ड की गई है।
मानसून पहुंच गया है और अब मेरठ में जो बारिश होगी वह मानसून की बारिश होगी। वेस्ट यूपी और एनसीआर क्षेत्र में झमाझम बारिश से तापमान भी गिरेगा। इस बार जुलाई में बारिश पिछले वर्षों की तुलना में अच्छी होने की संभावना है। डॉ एन सुभाष, मौसम वैज्ञानिक, भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान