बुलंदशहर गैंगरेप मामले में पुलिस ऐसे अपराधियों के फोटो पीड़ित परिवार को दिखा रही है, जो अक्सर लूट के बाद दुष्कर्म की वारदात करते हैं। मां बेटी ने बताया कि एक दरिंदे की आंख इतनी मोटी है, जिसे देखकर कोई भी डर जाएगा।
पुलिस ने बताया जो बदमाश संदिग्ध लगता है, उसकी पहचान पीड़ित परिवार से कराते हैं। पीड़ित मां बेटी को पुलिस अब तक करीब 500 संदिग्धों के फोटो दिखा चुकी है। पुलिस का कहना है कि रोजाना बदमाशों की पहचान कराने से पीड़ित परिवार परेशान हो गया है। संदिग्धों की फोटो देखकर मां बेटी झुंझलाहट में चिल्लाने लगती हैं। इसको लेकर पुलिस भी परेशान है। पुलिस का कहना है कि मां बेटी से पहचान कराने के अलावा उनके पास कोई भी तरीका नहीं, जोकि सही अपराधी का पता कर सके। किसी भी अपराधी ने घटनास्थल पर मोबाइल का इस्तेमाल नहीं किया। डीआईजी लक्ष्मी सिंह ने बताया कि जो तीन लोग पुलिस ने जेल भेजे उनमें से दो दरिंदों को मां बेटी ने पहचाना था।
दो आरोपी और पहचाने
पुलिस सूत्रों ने बताया कि 11 बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। शुक्रवार को पुलिस ने उक्त बदमाशों के फोटो पीड़ित परिवार को दिखाए थे। जिसमें से दो अपराधी मां बेटी ने पहचान लिए हैं। पुलिस अभी और लोगों को उठाने में लगी है।