बहसूमा। तीन थाना क्षेत्र बहसूमा, मवाना, फलावदा की सीमाओं से जुड़े रजबहे के पुल के पास मंगलवार को दो गुटों के बीच जमकर फायरिंग से दहशत फैल गई। लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों ने एक घंटे तक करीब 50 से ज्यादा गोलियां चलाईं। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके पर दो जलती हुई बाइक और 10 कारतूस के खोखे मिले।
पुलिस ने क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया, लेकिन आरोपी नहीं मिले। पुलिस जली हुई बाइकों को कब्जे में लेकर उनके चैसिस व इंजन नंबरों से हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार दोपहर दो गुटों में आमने-सामने हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। दो बाइकों पर सवार युवकों और कार सवार युवकों के गुटों में दोनों तरफ से फायरिंग हुई। इससे खेतों में काम कर रहे ग्रामीण घबराकर वहां से भाग गए। सी दौरान कार सवार हमलावरों ने दोनों बाइकों में आग लगा दी और वहां से भाग गए। पुलिस ने .135 के अलावा .32 और 12 बोर के कारतूसों के दस खोखे बरामद किए। सीओ मवाना संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि तीनों थानों की पुलिस के साथ आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वर्चस्व कायम करना हो सकती है वजह
बहसूमा। मंगलवार को दो गुटों में अचानक हुई फायरिंग वर्चस्व कायम करने को फायरिंग बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फलावदा थाना क्षेत्र के गांव और परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव के दो गुटों में वर्चस्व कायम करने को लेकर रंजिश चल रही है। यह घटना इन दोनों गुटों के लोगों में वर्चस्व कायम को लेकर या फिर गैंगवार में हो सकती है।
पुलिस ने अपनी ओर से मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बाइकों के जरिये हमलावरों की तलाश कर रही है। घटनास्थल की ओर आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस घटना का खुलासा करेगी।
राकेश कुमार मिश्रा, एसपी देहात