- शिवपुरम में किया जा रहा नाली और सड़कों का निर्माण
- नालियों में पीली ईंट और सिल्ट पर ही बनाई जा रही नाली
फोटो...
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। शहर की कॉलोनियों में बनाई जा रही सड़कें और नाली में धड़ल्ले से घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में शिवपुरम में बनाई जा रही सड़क और नाली में लोगों ने घटिया सामग्री के प्रयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने नगर निगम में शिकायत की तो उन्होंने यह काम डूडा द्वारा कराने की बात कही।
नगर निगम के वार्ड 11 में कोमल स्वीटस वाली गली में सड़क और नाली का निर्माण कार्य चल रहा है। स्थानीय निवासी राम नारायण, अमित उपाध्याय, पुष्पा, प्रीति, बाला, बिजेंद्र, गौरव यादव, वेद प्रकाश आदि का आरोप है कि ठेकेदार जहां नालियों में पीली ईंट लगा रहे हैं, वहीं नाली को ऊंचा करने के लिए नाली में भरी सिल्ट पर भी सीमेंट डालकर ऊंचा किया जा रहा है, जबकि पहले नालियों से सिल्ट की सफाई होनी चाहिए थी। घटिया सामग्री के इस्तेमाल का सभी विरोध कर रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि किसी भी कीमत पर घटिया सामग्री से काम नहीं होने दिया जाएगा। इस संबंध में नगर निगम के चीफ इंजीनियर जितेंद्र कैन का कहना है कि हमने अपने इंजीनियरों से जांच करा ली है। शिवपुरम में डूडा विकास कार्य करा रहा है। जनता की शिकायत के आधार पर इसकी रिपोर्ट डूडा को भेज दी है।