18 से कड़ी निगरानी में होगी नेट की ऑनलाइन परीक्षा
मेरठ। पहली बार ऑनलाइन होने जा रही राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) की पूरी तैयारियां हो गई हैं। 18 से 22 दिसंबर तक दो पालियों में होने वाली परीक्षा के लिए छात्र-छात्राओं को खास दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। सेंटरों पर मोबाइल के अलावा किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को रोकने के लिए इस बार खास प्रबंध किए गए हैं। पहली बार ऑनलाइन हो रही इस परीक्षा को कराने का जिम्मा इस बार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को दिया गया है।
पांच दिन तक चलने वाली नेट परीक्षा सुबह को साढ़े नौ बजे से एक बजे और दोपहर को ढाई बजे से छह बजे तक होगी। एनटीए की तरफ से दिशा-निर्देश सभी छात्र-छात्राओं की ईमेल पर भेजे गए हैं। छात्रों को परीक्षा केंद्र पर अपना एक पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ भी लाना होगा। ये वही फोटो होना चाहिए जो जो ऑनलाइन आवेदन में अपलोड किया गया था। आईडी प्रूफ के लिए ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी में से कोई भी एक आईडी रखनी होगी। छात्रों को परीक्षा केंद्र पर रफ कार्य के पेंसिल और खाली पेपर दिया जाएगा।