हादसे को भुलाकर अच्छा खेल दिखाए खिलाड़ी
मेरठ। थाईलैंड की थाम लुआंग गुफा में फंसे 12 फुटबॉल खिलाड़ी व उनके कोच को 17 दिन बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फुटबाल खिलाड़ियों के सुरक्षित बाहर आने पर कैलाश प्रकाश स्टेडियम में फुटबाल कोच व खिलाड़ियों ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई और उनकी लंबी उम्र की कामना की।
खिलाड़ी के सुरक्षित होने पर स्टेडियम में भी खुशी का माहौल रहा। जानकारी हो कि उत्तरी थाईलैंड में 23 जून को पिकनिक पर गई वाइल्ड बोअर्स सॉकर टीम के 12 युवा फुटबाल खिलाड़ी व उनके कोच थाम लुआंग गुफा में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ से गुफा में फंस गए थे। कई देशों की मदद से सभी खिलाड़ियों व कोच को 17 दिन बाद बाहर निकाला जा सका। खिलाड़ियों के सही सलामत बाहर निकले पर पूरे विश्व ने खुशी जाहिर की। बुधवार को कैलाश प्रकाश स्टेडियम में फुटबाल खिलाड़ियों ने भी खुशी मनाई। फुटबाल कोच ललित पंत ने खिलाड़ियों को लड्डू खिलाकर खुशी मनाई। ललित पंत ने बताया कि खिलाड़ी किसी भी देश से हो, सुरक्षित बचाया जाना पूरे विश्व के गौरव की बात है। सभी खिलाड़ी हादसे को भुलाकर अपने खेल को खेलें। आशीष यादव, कुशाग्र, स्पर्श, अरविंद, गौरव तोमर, आशीष, अंश, अमन, अमय व सज्जन राठी आदि खिलाड़ी मौजूद रहे।