फैक्ट्री में लगी आग, लाखों का नुकसान
मेरठ। पंचशील कॉलोनी निवासी रमेश कुमार की उद्योगपुरम में फाइबर प्रोडक्ट बनाने की फैक्ट्री है। रविवार सुबह करीब 11 बजे फैक्ट्री के कमरे में आग लग गई। धुआं उठता देख वहां मौजूद कर्मचारियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी और खुद भी आग बुझाने में जुट गए। कुछ ही देर में परतापुर फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। कमरे में रखे सामान और मशीन में आग लगी थी। आग से लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। फैक्ट्री में आग की वजह शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। बता दें कि परतापुर क्षेत्र में एक महीने में आग की करीब एक दर्जन से अधिक बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं।