मनिंदरपाल का चेयरमैन बनना तय, चुनाव आज
मेरठ। जिला सहकारी बैंक चेयरमैन के प्रतिष्ठित पद पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदरपाल सिंह की ताजपोशी लगभग तय है। शुक्रवार को होने वाले चुनाव में सभी निर्वाचित 14 डायरेक्टर भाजपा के हैं और प्रांतीय नेतृत्व मनिंदरपाल सिंह का नाम चेयरमैन प्रत्याशी के रूप में तय कर चुके हैं। जिसके चलते आज होने वाला चुनाव सिर्फ औपचारिकता ही होगा।
सहकारी समितियों से होते हुए जिला सहकारी बैंक चेयरमैन पद तक चुनाव में भाजपा इस बार पूरी तरह फ्रंट फुट पर नजर आई। अधिकांश समितियों पर अपने कार्यकर्ता को जिताने के साथ तमाम पदों पर भाजपा का ही कब्जा रहा। इस बीच सत्ता के दुरुपयोग की भी शिकायत तमाम विपक्षी नेताओं ने उठाई। डायरेक्टर क्षेत्र अवधारण को लेकर हाईकोर्ट में जीत सिंह सिरोही ने रिट भी दायर की, लेकिन वह भी खारिज हो गई। इसके बाद तो भाजपा का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।
जिला सहकारी बैंक में 14 निदेशक चुने जाने थे, लेकिन दौराला क्षेत्र का पद रिक्त था। इस पद पर बृहस्पतिवार को शासन की तरफ से सविता कुमारी को नामित कर भेज दिया गया। हालांकि इसे लेकर भी स्थिति थोड़ी विवादित रही। क्योंकि इस रिक्त पद पर पहले मनिंदपाल सिंह अपनी पत्नी सिंपल सिंह को लड़ाना चाहते थे। लेकिन पार्टी नेतृत्व ने एक ही परिवार से एक ही व्यक्ति के चुनाव लड़ने का नियम बनाकर उनकी उम्मीद तोड़ दी। इसके बाद उन्होंने अपने खास योगेंद्र कुसैड़ी की पत्नी को नामित कराना चाहा, लेकिन सरधना विधायक ठा. संगीत सोम ने अपने प्रभाव का प्रयोग कर अपने गुट की सविता को नामित करा दिया।
संगीत सोम के सबसे ज्यादा डायरेक्टर
जिला सहकारी बैंक बोर्ड में मेरठ और बागपत जनपद के डायरेक्टर हैं। इनमें दो डायरेक्टर बागपत से हैं तो 12 मेरठ से हैं। इनमें सरधना विधायक ठा. संगीत सोम खेमे से पांच डायरेक्टर निर्वाचित होकर आये हैं। जबकि हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक का मात्र एक डायरेक्टर चुना गया है। किठौर विधायक सत्यवीर त्यागी और दक्षिण विधायक डॉ. सोमेंद्र तोमर जहां खाली हाथ रहे, तो सिवालखास विधायक के खेमे से चुना गया डायरेक्टर दूसरे खेमों से भी जुड़ा माना जा रहा है। वहीं अन्य डायरेक्टर पार्टी पदाधिकारियों के खेमों से चुनकर आए हैं।