मेट्रो प्लाजा से भूमिया पुल तक मार्ग होगा गड्ढा मुक्त
मेरठ। मेट्रो प्लाजा से भूमिया पुल तक ओडियन मार्ग 10 मार्च से गड्ढा मुक्त होना शुरू हो जाएगा। पीडब्लूडी ने रात में सड़क बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखकर 10 से 13 मार्च तक मेट्रो प्लाजा से भूमिया पुल के बीच रूट डायवर्ट करने की मांग की है।
‘अमर उजाला’ ने अपने सड़क अभियान में मेट्रो प्लाजा से लेकर भूमिया पुल तक टूटी पड़ी सड़क की हालत को प्राथमिकता पर प्रकाशित किया था। जिसका असर यह हुआ कि पीडब्लूडी के अधिकारियों ने जहां ठेकेदार को तलब किया, वहीं हर कीमत पर 10 मार्च से रात्रि में सड़क बनाने का काम शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर निर्धारित समय पर काम शुरू नहीं किया गया तो ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी।
बता दें कि उप्र सरकार ने मेट्रो प्लाजा से भूमिया पुल तक सड़क निर्माण के लिए एक करोड़ 13 लाख रुपये अवमुक्त किए हुए हैं। जो पीडब्लूडी की तिजोरी में बंद हैं। पीडब्लूडी अधिकारियों की मानें तो सड़क का टेंडर भी हो चुका है। लेकिन सड़क बनाने का काम शुरू नहीं हो पाया है। जबकि यह मार्ग शहर के बीच से गुजरता है। जिस पर 24 घंटे हल्के और भारी वाहन गुजरते हैं, जिसके कारण यह मार्ग पैदल चलने लायक भी नहीं रह गया है।
काम नहीं हुआ तो कार्रवाई होगी
ठेकेदार का कार्य गढ़ मुक्तेश्वर के पास चल रहा है। 10 मार्च से काम शुरू करने का निर्णय लिया है। ठेकेदार को चेतावनी दी गई है कि काम शुरू न करने पर कार्रवाई होगी। पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर मार्ग निर्माण के समय वाहनों का रूट डायवर्जन करने की मांग की गयी है। -प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी
खास बातें:
10 मार्च से 13 मार्च तक रात्रि में चलेगा इस मार्ग पर विशेष अभियान
पीडब्लूडी ने ट्रैफिक डायवर्जन के लिए लिखा पुलिस अधिकारियों को पत्र