आज कुछ ट्रेन रहेंगी निरस्त, कुछ का होगा रूट डायवर्ट
मेरठ। गाजियाबाद-मेरठ-सहारनपुर रेलवे सेक्शन पर सब-वे निर्माण के चलते मंगलवार को कुछ ट्रेन निरस्त रहेंगी और कुछ को रूट डायवर्ट कर चलाया जाएगा। कुछ ट्रेन आंशिक रूप से निरस्त रहेंगी। परेशानी से बचने के लिए यात्री सड़क यातायात का सहारा लें तो ज्यादा बेहतर रहेगा।
उत्तर रेलवे के सीपीआरओ नितिन चौधरी ने बताया कि सब-वे के निर्माण के लिए तीन यातायात ब्लॉक लिए जाएंगे। पहला ब्लॉक मंगलवार को, दूसरा 13 मार्च को और तीसरा 20 मार्च को लिया जाएगा। ब्लॉक के चलते दिल्ली-अंबाला-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेेस, दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर और नई दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर निरस्त रहेंगी। नई दिल्ली-जालंधर सिटी इंटरसिटी एक्सप्रेस व नई दिल्ली-देहरादून जनशताब्दी एक्सप्रेस का रूट डायवर्ट कर वाया शामली-टपरी चलाया जाएगा। इसके अलावा आधा दर्जन ट्रेेन आंशिक रूप से निरस्त रहेंगी। इसमें नौचंदी लिंक एक्सप्रेस को सहारनपुर नहीं भेजा जाएगा। यह ट्रेन मेरठ सिटी से ही वापस रवाना होगी।
अंबाला-दिल्ली पैसेंजर अंबाला की बजाय सहारनपुर तक ही संचालित होंगी। ऋषिकेश-दिल्ली पैसेंजर और कालका-दिल्ली पैसेंजर सहारनपुर तक चलेगी। अंबाला-हजरत निजामुद्दीन पैसेंजर दिल्ली-निजामुद्दीन स्टेशन के बीच रद्द रहेगी। इसके अलावा देहरादून-बांद्रा एक्सप्रेस सुबह 10 बजे की बजाय दोपहर 1 बजे चलाई जाएगी। पुरी-हरिद्वार उत्कल एक्सप्रेस एक से सवा घंटा विलंब से चलेगी। हरिद्वार-अहमदाबाद योगा एक्सप्रेस 45 से 110 मिनट रोककर चलाई जाएगी। इसके अलावा दिल्ली-जम्मूतवी शालीमार एक्सप्रेस 10 से 20 मिनट रोककर चलाई जाएगी।