बिना पास वीआईपी गेट पर रोके सांसद, विधायक
मेरठ। राष्ट्रोदय कार्यक्रम की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में जुटे स्वयंसेवकों ने पास न होने की वजह से वीआईपी गेट पर सांसद और विधायकों को रोक लिया। बाद में संघ पदाधिकारियों से पुष्टि के बाद ही उन्हें अंदर भेजा गया।
कार्यक्रम स्थल पर जाने के लिए गेट नंबर एक चाणक्यपुरी की ओर से वीआईपी एंट्री की व्यवस्था की गई थी। इस मार्ग से केवल पासधारी वाहन आ-जा सकते थे। गेेट नंबर एक पर तैनात स्वयंसेवक पास चेक करने के बाद ही एंट्री दे रहे थे। कुछ आम लोगों ने यहां से जाने का प्रयास किया। लेकिन स्वयंसेवकों ने विनम्र अनुरोध कर उन्हें रोक दिया।
इस दौरान अमरोहा से सांसद कंवर सिंह तंवर अपने वाहन से आए तो स्वयंसेवकों ने उन्हें विनम्रता के साथ नियमों का हवाला देकर रोक दिया। परिचय मिलने पर संघ पदाधिकारियों से कंफर्म करने के बाद अंदर प्रवेश दिया। इसी तरह चांदपुर विधायक कमलेश सैनी के साथ भी हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा और मुजफ्फरनगर से सांसद संजीव बालियान के पास भी वाहन पास नहीं था। संजीव बालियान ने इस दौरान कहा कि भाई मैं अपना पास नहीं ले सका था। इसी तरह कई नेता भी यहां गेट पर रोके गए। स्वयंसेवकों ने बताया कि उक्त सभी जनप्रतिनिधियों के नाम से पास जारी किए गए थे। लेकिन कारणवश उन तक नहीं पहुंच सके होंगे। बाद में सभी को ससम्मान अंदर भेजा गया।
खास बातें
स्वयंसेवकों ने संघ पदाधिकारियों से कंफर्म करने के बाद ही अंदर भेजा